HomeBreaking Newsस्कूल-कॉलेजों के आसपास नशे के कारोबार पर कसेगा शिकंजा, 100 गज के...

स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशे के कारोबार पर कसेगा शिकंजा, 100 गज के दायरे में तंबाकू बिक्री पर सख्ती

एनकॉर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश; अवैध शराब, नशीले उत्पादों और महुआ शराब के ठिकानों पर निगरानी बढ़ाने के आदेश

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और युवाओं व विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अवैध नशीले पदार्थों के निर्माण और बिक्री, तंबाकू नियंत्रण, नशा मुक्ति केंद्रों के संचालन तथा जनजागरूकता अभियान की समीक्षा की गई।

- Advertisement -

100 गज के दायरे में तंबाकू बिक्री पर कार्रवाई

कलेक्टर ने जिले के शेष शैक्षणिक संस्थानों को भी जल्द तंबाकू मुक्त संस्थान बनाने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने तंबाकू मुक्त घोषित संस्थानों में ‘तंबाकू मुक्त संस्थान’ का बोर्ड प्रमुखता से लगाने को कहा।

इसके साथ ही स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

महुआ शराब के अवैध ठिकानों की होगी पहचान

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में महुआ शराब के अवैध निर्माण और बिक्री पर भी विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने ऐसे स्थानों और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

उन्होंने जिले में अवैध शराब एवं अन्य नशीले उत्पादों के निर्माण और विक्रय पर सतत निगरानी रखने तथा सूचना तंत्र को सक्रिय करने के निर्देश दिए।

नशा मुक्ति केंद्रों के संचालन की भी समीक्षा

कलेक्टर ने जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्र का निर्धारित क्षमता के अनुरूप प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से नशा मुक्ति अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने और नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन का जोर इस बात पर रहा कि युवाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों तक नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी लगातार पहुंचाई जाए।

सार्वजनिक स्थानों पर भी रहेगी निगरानी

कलेक्टर ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थानों तथा शैक्षणिक परिसरों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित निगरानी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को केवल विभागीय कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए इसे व्यापक जनसहभागिता से जोड़ा जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमंडलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर इशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Must Read