छत्तीसगढ़/कोरबा :- कांग्रेस पार्टी ने नीट पेपर लीक सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं को देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि पार्टी देश के छात्रों और युवाओं के अधिकारों तथा उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठा रही है।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को चिंता में डाल दिया है। वर्षों की मेहनत और तैयारी करने वाले छात्रों का मनोबल टूट रहा है तथा परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। केवल नीट ही नहीं, बल्कि विभिन्न भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में भी लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का सरकारी व्यवस्थाओं पर भरोसा कमजोर हुआ है।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 17 जून को राजस्थान के कोटा में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में दिए गए संदेश का भी उल्लेख किया गया। राहुल गांधी ने छात्रों और अभिभावकों से संवाद के दौरान कहा था कि “छात्रों की गूंज” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक क्रांति है। छात्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया गया है और ऐसी व्यवस्था बनाने की आवश्यकता है, जो युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का अवसर दे। उन्होंने कहा कि भविष्य में पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और भर्ती निरस्त होने जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान होना चाहिए।
जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि युवाओं के सामने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनावश्यक देरी, रिक्त पदों पर भर्ती नहीं होना, बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्था और महंगी शिक्षा तथा कोचिंग का बढ़ता बोझ जैसी गंभीर समस्याएं हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि पेपर लीक रोकने के लिए अब तक कौन से ठोस कदम उठाए गए हैं, परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कितनी बड़ी कार्रवाई हुई है और युवाओं को रोजगार देने के वादों का क्या हुआ।
कांग्रेस ने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों और परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए, एंटी-पेपर लीक कानून का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए तथा लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा किया जाए।
जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य का सवाल है। कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में मुकेश राठौर, मनोज चौहान, नत्थूलाल यादव, श्याम सुंदर सोनी, बी.एन. सिंह, गजानंद साहू, नारायण कुर्रे, मनहरण राठौर, प्रवीण ओगरे, किशोर दिवाकर, राकेश पंकज, गुलशन जायसवाल, जयकिशन पटेल, मोहन प्रधान, राजेन्द्र सिंह ठाकुर, डॉ. डी.आर. नेताम, गिरधारी बरेठ, बद्री किरण, सुभाष राठौर, रवि चंदेल, डॉ. रामगोपाल यादव, पालूराम साहू, अविनाश बंजारे, हरविन्द्र सिंह सालस, अनिल कुमार सिंह, जवाहर निर्मलकर, बंटी शर्मा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
नीट पेपर लीक और युवाओं के भविष्य के मुद्दे पर कांग्रेस का हमला, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग













