छत्तीसगढ़/कोरबा :- उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में दुकान का शटर तोड़कर नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा किया है। ‘सजग कोरबा–सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त लोहे की सरिया, स्कूटी और चोरी की गई 9 हजार रुपये की नगदी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त की रात बरपाली स्थित एक दुकान में चोरी हुई थी। सुबह दुकान खोलने पर शटर का ताला टूटा मिला और दुकान में रखी नगदी गायब थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 449/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज से मिले सुराग और मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बिलासपुर से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने दुकान का शटर बंद होने और शटर तथा जमीन के बीच गैप देखकर चोरी की योजना बनाई। इसके बाद मड़वारानी के पास से सरिया लेकर आए और उसी की मदद से शटर उठाकर दुकान के भीतर प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मामले में युवराज सिंह राजपूत (19), पिता दीनदयाल सिंह राजपूत, निवासी 15 ब्लॉक पंप हाउस, कोरबा को गिरफ्तार किया है। उसके साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि दोनों बालकों के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से मामले का शीघ्र खुलासा किया गया। कोरबा पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।












