तेलसरा में संतोष, फुलेश्वरी और राखी सारथी को मिले हारमोनियम, बांसुरी, ढोलक सहित वाद्य यंत्र और छड़ी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- किसी की जरूरत को समझना और उसे समय पर पूरा करना ही सच्ची संवेदनशीलता है। कोरबा जिले के ग्राम तेलसरा में जिला प्रशासन की ऐसी ही पहल सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन दृष्टिबाधित भाई-बहनों के संगीत के प्रति लगाव को नई राह मिली। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने चौपाल में उनकी इच्छा सुनी, वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने का वादा किया और महज दो सप्ताह में उसे पूरा भी कर दिया।
चौपाल में रखी मांग, दो सप्ताह में पूरी
विगत दिनों कलेक्टर कुणाल दुदावत जिले के खनन प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर थे। इस दौरान ग्राम तेलसरा के ग्राम पंचायत भवन में आयोजित चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसी दौरान एक ही परिवार के तीन दृष्टिबाधित दिव्यांगजन संतोष दास सारथी, उनकी बहन फुलेश्वरी सारथी और राखी सारथी ने वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
तीनों के लिए संगीत केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने और हुनर को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है। कलेक्टर ने उनकी जरूरत को गंभीरता से सुना और वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। चौपाल में किया गया यह वादा जल्द ही पूरा हो गया।
संगीत के साथ बढ़ेगा आत्मविश्वास
कलेक्टर की पहल पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारी ग्राम तेलसरा पहुंचे और तीनों भाई-बहनों को हारमोनियम, बांसुरी, झांझ, मंजीरा और ढोलक सहित आवश्यक वाद्य यंत्र तथा छड़ी प्रदान की। सामग्री मिलने पर परिवार में खुशी का माहौल रहा। उनके लिए यह केवल सहायता नहीं, बल्कि अपनी रुचि और प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर है।
परिवार के सदस्यों ने कलेक्टर कुणाल दुदावत और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी बात को गंभीरता से सुना गया और कुछ ही दिनों में जरूरत पूरी होने से उन्हें खुशी मिली है।
छोटी पहल, बड़ी खुशी
ग्राम तेलसरा की यह पहल बताती है कि जरूरतमंदों की बात सुनकर समय पर मदद पहुंचाना उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। तीनों दृष्टिबाधित भाई-बहनों को मिले वाद्य यंत्र उनके लिए संगीत के नए अवसर खोलेंगे और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे। चौपाल में किया गया वादा दो सप्ताह में पूरा होना इस बात का उदाहरण है कि संवेदनशील पहल से लोगों के जीवन में खुशियों के नए सुर भरे जा सकते हैं।












