HomeBreaking Newsकोरबा में 588.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज, बाढ़ से निपटने प्रशासन अलर्ट;...

कोरबा में 588.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज, बाढ़ से निपटने प्रशासन अलर्ट; 7 अगस्त को आपदा तैयारियों की होगी समीक्षा

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में मानसून लगातार सक्रिय है। 1 जून से 5 अगस्त 2026 तक कोरबा जिले में 588.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में 7 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बाढ़ आपदा की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की तहसील कोरबा में 632.5 मिमी, अजगरबहार 426 मिमी, भैंसमा 561 मिमी, करतला 557 मिमी, बरपाली 629.6 मिमी, कटघोरा 594.1 मिमी, दीपका 641.9 मिमी, दर्री में सर्वाधिक 721.2 मिमी, पाली 616.8 मिमी, हरदीबाजार 487.4 मिमी, पोंड़ीउपरोड़ा 619.4 मिमी तथा पसान तहसील में 579.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं पिछले 24 घंटों में जिले में 12.1 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।
लगातार हो रही वर्षा के मद्देनजर भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए), नई दिल्ली द्वारा राज्य में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए 7 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 18 अगस्त को टेबल टॉप एक्सरसाइज तथा 20 अगस्त को मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी।
इन कार्यक्रमों की पूर्व तैयारियों की समीक्षा के लिए 7 अगस्त को दोपहर 2 बजे कलेक्टर कार्यालय, कोरबा स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में बैठक आयोजित होगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है।

Must Read