दीपका और बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत दर्ज किए गए प्रकरण
छत्तीसगढ़/कोरबा :- निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। दीपका एवं बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने के पांच मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच वाहनों के साथ भारी मात्रा में डीजे साउंड सिस्टम एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र जब्त किए हैं। 
दीपका थाना क्षेत्र में तीन मामलों में कार्रवाई की गई। पुलिस ने नोनबिर्रा निवासी सुभाष कुमार यादव से 4 नग बेस (1500 वाट), 4 नग टोप (300 वाट) एवं पिकअप वाहन क्रमांक CG12 BM-5744 जब्त किया। वहीं झाबर निवासी गौरव गोंड से 4 नग बेस बॉक्स (1500 वाट), 4 नग लाइनर (300 वाट) एवं पिकअप वाहन क्रमांक CG12 AN-3135 जब्त किया गया। तीसरे मामले में झाबर निवासी मनीष कौशिक से 4 नग बेस (1500 वाट), 4 नग लाइनर (300 वाट) एवं महिंद्रा वाहन क्रमांक CG12 BU-0996 जब्त किया गया। 
इसी तरह बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र में तेलसरा रोड पर कार्रवाई करते हुए मनोरंजन मंदिर, बाकीमोंगरा निवासी विक्की सूर्यवंशी से 1 नग बेस (2500 वाट), 1 नग लाइनर (600 वाट), 2 मैक्स पैड, 1 मिक्सर एवं छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG12 BJ 5239 जब्त किया गया। वहीं मोंगरा बस्ती रोड पर बालको निवासी लिखंत कुमार बंजारे से 2 लोवर बॉक्स (2000 वाट), 4 अपर बॉक्स, 6 डिस्को लाइट सहित कुल 10 बॉक्स एवं पिकअप वाहन क्रमांक CG12 BB 2066 जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार पांचों मामलों में संबंधित डीजे संचालकों के विरुद्ध कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है तथा मामलों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
कोरबा पुलिस ने गणेश विसर्जन, आगामी त्योहारों एवं स्कूली परीक्षाओं को देखते हुए ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। पुलिस ने निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने पर साउंड सिस्टम एवं वाहन जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












