डीजे बंद कराने की समझाइश के दौरान प्रशिक्षु उपनिरीक्षक से गाली-गलौज, शासकीय कार्य में बाधा का मामला
छत्तीसगढ़/कोरबा :- गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में थाना उरगा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना 20 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे ग्राम आमपाली मुख्य मार्ग पर हुई।
गणेश विसर्जन के दौरान डीजे बजाए जाने की सूचना पर पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची थी। पुलिस द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार डीजे बंद करने अथवा ध्वनि कम करने की समझाइश दी जा रही थी। इसी दौरान आमपाली निवासी सुनील कुमार खड़िया (34) ने पुलिस पार्टी के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नेमदास के साथ गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया।
पुलिस ने मामले में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 522/2026 के तहत धारा 221, 296 बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार खड़िया को गिरफ्तार कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की।
वहीं, गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन कर डीजे बजाने के मामले में संबंधित डीजे संचालक के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील: धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों और ध्वनि मानकों का पालन करें। पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। शासकीय कार्य में बाधा डालने अथवा पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।












