सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई, 15 हजार का मोबाइल बरामद
छत्तीसगढ़/कोरबा :- सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान के तहत सीएसईबी चौकी पुलिस ने युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया करीब 15 हजार रुपए कीमत का Realme मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 30 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे पूनम राय (24) बाजार से पैदल अपने घर लौट रही थीं। रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर एक युवक ने उनका हाथ पकड़कर मारपीट की और Realme कंपनी का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। शिकायत पर सीएसईबी चौकी में अपराध क्रमांक 274/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपी की पहचान रामा सोरी (29), निवासी जैन मंदिर के पीछे, बुधवार बाजार के पास, कोरबा के रूप में हुई।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा
9 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बुधवार रेलवे किनारे बस्ती, सीएसईबी चौकी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी रामा सोरी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से Realme कंपनी का RMX 3944 मॉडल मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया। मामले में अपराध की प्रकृति के आधार पर धारा 309(6) बीएनएस भी जोड़ी गई। आरोपी को 9 अगस्त को दोपहर 1:10 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में की गई। चौकी प्रभारी सीएसईबी उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रमोद पटेल, प्रधान आरक्षक गोविन्द सिंह तथा आरक्षक रितेश शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












