बाउंड्रीवॉल के पास बैग में छिपाकर रखा था 30 हजार रुपये का केबल, उरगा पुलिस ने बरामद कर आरोपी को भेजा जेल
छत्तीसगढ़/कोरबा :- अड़ानी पावर प्लांट परिसर से कॉपर केबल चोरी करने के मामले में उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर प्लांट की बाउंड्रीवॉल के पास छिपाकर रखे गए करीब 30 मीटर कॉपर केबल को बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे अड़ानी पावर प्लांट के सिक्योरिटी ऑफिसर नंद किशोर ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अजीत टण्डन पावर प्लांट परिसर से कॉपर केबल चोरी कर ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसे मौके पर पकड़ लिया गया।
रिपोर्ट के आधार पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया तथा प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने अड़ानी पावर प्लांट की बाउंड्रीवॉल के पास छिपाकर रखे गए काले रंग के बैग से लगभग 30 मीटर कॉपर केबल बरामद किया।
मामले में पुलिस ने आरोपी अजीत कुमार टण्डन (40 वर्ष), पिता समार साय टण्डन, निवासी रेलवे क्रॉसिंग, भैंसमा रोड, थाना उरगा, जिला कोरबा को 25 नवंबर को शाम 4:10 बजे गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों एवं औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।












