HomeBreaking Newsग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाएं, समय पर पूरा करें निर्माण: कलेक्टर...

ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाएं, समय पर पूरा करें निर्माण: कलेक्टर कुणाल दुदावत

बालिका शौचालय 15 जनवरी और सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज के कार्य 5 दिसंबर तक पूरे करने के निर्देश, लापरवाही करने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत सभी कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति सिक्योर पोर्टल के माध्यम से ही जारी की जाए। साथ ही लंबित निर्माण कार्यों में तेजी लाने और नए कार्यों को समय पर प्रारंभ करने पर जोर दिया।   

- Advertisement -

मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने बालिका शौचालय, सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज, मुक्तिधाम, पंचायत भवन और खाद्यान्न भंडार केंद्रों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ एवं कार्यक्रम अधिकारियों को आगामी 10 दिनों के भीतर कार्यों के प्राक्कलन तैयार कर जिला कार्यालय भेजने तथा स्वीकृत कार्यों को सात दिनों के भीतर सिक्योर पोर्टल पर दर्ज कर प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी बालिका शौचालयों का निर्माण आगामी 15 जनवरी तक पूरा करने को कहा। शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय सुनिश्चित करने के साथ निर्माण में गुणवत्ता, एकरूपता और निर्धारित मापदंडों का पालन करने के निर्देश दिए। करतला एवं कटघोरा सहित विभिन्न विकासखंडों में अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने तथा सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज के सभी कार्य 5 दिसंबर तक पूर्ण करने को कहा। मुक्तिधाम के लंबित निर्माण कार्यों को 15 दिनों के भीतर प्रारंभ कराने तथा पंचायत भवन और खाद्यान्न भंडार केंद्रों के निर्माण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

श्रममूलक कार्यों से बढ़ेगा ग्रामीणों को रोजगार

कलेक्टर ने एक दिसंबर से श्रममूलक कार्यों की संख्या बढ़ाने और अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ जल संरक्षण और स्थायी अधोसंरचना निर्माण को प्राथमिकता दी जाए। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में लंबित 314 कार्यों को एक सप्ताह के भीतर सिक्योर पोर्टल पर दर्ज कर स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करने को कहा। इसके अलावा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में पांच आदर्श खेल मैदान विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास निर्माण में तेजी लाने फील्ड विजिट करें अधिकारी

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जनपद पंचायतों के सीईओ, एसडीओ और मैदानी अमला नियमित रूप से गांवों का दौरा करें तथा हितग्राहियों से संपर्क कर आवास निर्माण में आ रही समस्याओं का मौके पर निराकरण करें। उन्होंने पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के 2,604 अपूर्ण आवासों को 30 दिसंबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री जनमन योजना के आवास दिसंबर माह तक पूर्ण करने और मुख्यमंत्री आवास योजना के लंबित आवासों को भी प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा। वर्ष 2026-27 के आवासों में जॉब कार्ड मैपिंग एवं सत्यापन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

सामुदायिक शौचालयों में पानी-बिजली की व्यवस्था अनिवार्य

स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा में कलेक्टर ने केराझरिया एवं कौनकोना सहित सभी एफएसटीपी निर्माण कार्यों को इसी माह प्रारंभिक रूप से पूर्ण कर संचालन योग्य बनाने के निर्देश दिए। करतला विकासखंड के जामबहार में एफएसटीपी निर्माण दिसंबर तक पूरा कर संचालन सुनिश्चित करने को कहा। पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी और बिजली की व्यवस्था करने तथा उनका नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए सब इंजीनियर एवं तकनीकी सहायकों से शीघ्र मूल्यांकन कराने को भी कहा।

स्व-सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अटल आजीविका समृद्धि केंद्रों में स्वीकृत अधोसंरचना एवं मशीनों की उपलब्धता और स्थापना की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने वीपीआरपी योजना के अंतर्गत एंटाइटलमेंट प्लान 15 दिसंबर तक पूरा करने, समूह सदस्यों की आधार आधारित केवाईसी 15 दिसंबर तक तथा मोबाइल नंबर सत्यापन 30 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। महतारी सदनों के हस्तांतरण की प्रक्रिया दिसंबर माह के अंत तक पूरी करने को भी कहा।

डीएमएफ के कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं

खनिज न्यास मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्य पंचायतों के माध्यम से ही कराने तथा गुणवत्ताहीन कार्यों के लिए राशि जारी नहीं करने के निर्देश दिए। सभी निर्माण कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने और कमी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों को नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए।

डीएमएफ की किश्त अथवा संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए हितग्राही एवं आम नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800-233-1750 पर संपर्क कर सकते हैं।

कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ एवं विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा नियमित समीक्षा और मैदानी निरीक्षण के माध्यम से निर्माण कार्यों की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, ट्रेजरी ऑफिसर निशांत पांडेय, ईई आरईएस, उपसंचालक मिथलेश किसान, सहायक परियोजना अधिकारी, जनपद पंचायतों के सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Must Read