HomeBreaking Newsसुवरलोट में राशन कार्डों पर चली ऐसी कैंची कि 109 गरीब परिवार...

सुवरलोट में राशन कार्डों पर चली ऐसी कैंची कि 109 गरीब परिवार छह महीने से दाने-दाने को मोहताज!

25-30 एकड़ जमीन और ट्रैक्टर वाले कथित संपन्न परिवारों के राशन कार्ड सुरक्षित, गरीबों के नाम सूची से गायब; कलेक्टर से लगाई गुहार तो गांव में शिविर लगाकर जांच कराने का मिला भरोसा

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  सरकारी राशन गरीब परिवारों के लिए महज अनाज नहीं, बल्कि उनके घर का चूल्हा जलाए रखने का सबसे बड़ा सहारा है। लेकिन करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सुवरलोट में राशन वितरण से जुड़ा ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सरकारी व्यवस्था और पात्र हितग्राहियों के चयन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के 109 गरीब परिवारों के राशन कार्ड से नाम काट दिए गए हैं, जिसके चलते वे पिछले छह महीनों से अपने हक के राशन से वंचित हैं। 

- Advertisement -

इस समस्या से परेशान सैकड़ों ग्रामीण एकजुट होकर जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत के पास पहुंचे और आवेदन सौंपकर राशन कार्ड दोबारा चालू कराने की मांग की। ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा बताते हुए आरोप लगाया कि गांव में जिन लोगों के पास 25 से 30 एकड़ तक कृषि भूमि है, ट्रैक्टर हैं और पक्के मकान बने हुए हैं, उनके राशन कार्ड अब भी चल रहे हैं, जबकि जरूरतमंद और गरीब परिवारों के नाम राशन कार्ड से हटा दिए गए हैं।

ग्रामीणों का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक साथ 109 परिवारों के राशन कार्ड किन कारणों से बंद हुए? क्या पात्रता का सत्यापन सही तरीके से किया गया था या फिर वास्तविक जरूरतमंद परिवार ही सरकारी राशन व्यवस्था से बाहर कर दिए गए? छह महीने से राशन नहीं मिलने के कारण इन परिवारों के सामने रोजमर्रा के भोजन का संकट खड़ा हो गया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गांव में शिविर आयोजित कर हितग्राहियों का सत्यापन कराने की बात कही है। अब शिविर में होने वाली जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि 109 परिवारों के राशन कार्ड किन परिस्थितियों में बंद हुए और इसके लिए जिम्मेदार कारण क्या हैं।

फिलहाल सुवरलोट के ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल सिर्फ राशन कार्ड दोबारा चालू कराने का नहीं, बल्कि उन गरीब परिवारों को उनका अधिकार दिलाने का है, जिनके घरों का चूल्हा छह महीने से सरकारी राशन के इंतजार में प्रभावित हो रहा है। अब देखना होगा कि जांच में वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद इन परिवारों को कब तक उनका हक मिल पाता है।

Must Read