किसी को स्वरोजगार का रास्ता सुझाया तो कहीं गाँव के विकास कार्यों की ली जानकारी, आवेदनों के निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्टर जनदर्शन में सोमवार को समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों को उस समय सहजता का अनुभव हुआ, जब कलेक्टर कुणाल दुदावत ने औपचारिक बातचीत के बजाय अपनत्व भरे अंदाज में उनकी बात सुनी। महिलाओं से उन्होंने पूछा, “कैसे हो दीदी?” तो बुजुर्गों से कहा, “बताओ कका, क्या परेशानी है?” उनके इसी सहज व्यवहार के बीच कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में गोद में छोटे बच्चे को लेकर पहुंची एक महिला ने शासकीय नौकरी की मांग रखी। कलेक्टर ने उसे समझाया कि सरकारी नौकरी निर्धारित भर्ती प्रक्रिया और रिक्त पदों के आधार पर ही मिल सकती है। हालांकि, स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रशासन सहयोग कर सकता है। उन्होंने महिला को बकरी पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन और स्वसहायता समूह से जुड़ने के विकल्प बताए। महिला की सहमति मिलने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, महतारी वंदन योजना की राशि, बसाहटों में मूलभूत सुविधाएं, नगर निगम क्षेत्र में पट्टा सर्वे से संबंधित दावा-आपत्तियां, बिजली बिल में सुधार, विद्युत लाइन, आरबीसी 6-4 के तहत सहायता और पुल-पुलिया निर्माण जैसे विषयों से जुड़े आवेदन पहुंचे। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपते हुए आवश्यक जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर एसडीएम, तहसीलदार और विभागीय अधिकारियों से फोन पर भी चर्चा की।
महतारी वंदन योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायत लेकर पहुंची महिलाओं को कलेक्टर ने बताया कि निर्धारित अवधि में आवेदन करना जरूरी था। शासन द्वारा नए आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू होने पर वे आवेदन कर सकेंगी और पात्रता के अनुसार योजना का लाभ मिल सकेगा।
भूमि पर बेजा कब्जे और शासकीय जमीन का पट्टा देने की मांग से जुड़े आवेदन भी सामने आए। इस पर कलेक्टर ने शासकीय भूमि के सार्वजनिक महत्व को समझाते हुए कहा कि ऐसी जमीन स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य जनसुविधाओं के लिए भी आवश्यक है। इसलिए भूमि की स्थिति और नियमानुसार पात्रता की जांच के बाद ही निर्णय लिया जा सकता है।
साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति ने खाते से निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने शिकायत सुनने के साथ लोगों को डिजिटल लेनदेन में सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने ओटीपी किसी को नहीं बताने और अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन लेनदेन नहीं करने की अपील की।
ग्राम चचिया के धान खरीदी केंद्र के स्थान और संचालन को लेकर गांव के दो पक्ष अलग-अलग आवेदन लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विवाद के कारण धान खरीदी केंद्र का संचालन प्रभावित हुआ तो सबसे अधिक परेशानी गांव के किसानों को होगी। उपार्जन केंद्र के संचालन से किसानों को धान बेचने के साथ बीज और ऋण जैसी कृषि सुविधाओं तक पहुंच बनाने में भी सहूलियत मिलती है।
लबेद, बक्साही, अरसिया और रजगामार सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों के लिए आवेदन दिए। कलेक्टर ने उनसे पहले से स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, सीसी रोड और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति पूछी। उन्होंने अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने और उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि नए विकास कार्यों की स्वीकृति पर आगे विचार किया जा सके। जहां निर्माण की स्थिति स्पष्ट नहीं थी, वहां कार्यों की तस्वीरें मंगवाकर प्रगति की जानकारी देने को कहा। कलेक्टर ने सरपंचों से कहा कि पुराने स्वीकृत कार्य समय पर पूरे होंगे तो नए कार्यों को स्वीकृति देने की दिशा में भी आगे बढ़ा जा सकेगा। इस पर सरपंचों ने कुछ दिनों के भीतर अधूरे कार्य पूरे करने का संकल्प जताया।
ग्राम तरदा के पास सड़क निर्माण से वर्षों पुराने घर प्रभावित होने की शिकायत लेकर ग्रामीण पहुंचे। कलेक्टर ने उपलब्ध सैटेलाइट चित्रों और संबंधित अभिलेखों के आधार पर निवास एवं निर्माण की स्थिति का परीक्षण कराने की बात कही। वहीं, कुसमुंडा खदान परियोजना से जुड़े भू-विस्थापितों की समस्याएं सुनकर संबंधित महाप्रबंधक से जानकारी लेने और पात्र मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में हर समस्या का समाधान तत्काल होना संभव नहीं है, लेकिन आवेदकों की बात सुनना, उन्हें प्रक्रिया समझाना और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देना समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कलेक्टर ने आवेदनों के साथ गांवों में स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली। इस तरह व्यक्तिगत समस्याओं के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सामूहिक जरूरतों पर भी चर्चा हुई।
जनदर्शन के दौरान “कैसे हो दीदी…” और “बताओ कका…” जैसे सहज संबोधनों ने नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को सरल बनाया। दूर-दराज के गांवों से आए लोगों को अपनी परेशानी खुलकर रखने का अवसर मिला। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ओमकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











