घंटाघर चौक से कलेक्टर कार्यालय तक दंडवत पहुंचे भू-विस्थापित परिवारों के सदस्य, छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने दिया समर्थन; प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल और प्रदेश संयोजक दिलीप मिरी रहे मौजूद
छत्तीसगढ़/कोरबा :- एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना से प्रभावित ग्राम चंद्रनगर (जटराज) के भू-विस्थापित परिवारों की समस्याओं और मौलिक अधिकारों की मांग को लेकर श्रम सेवा भू-विस्थापित कामगार संगठन के तत्वावधान में दंडवत न्याय यात्रा निकाली गई। घंटाघर चौक से शुरू हुई यह यात्रा कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां जनदर्शन के दौरान कलेक्टर को विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपकर भू-विस्थापित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
इस न्याय यात्रा को छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना गैर-राजनीतिक संगठन ने भी समर्थन दिया। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल एवं प्रदेश संयोजक दिलीप मिरी प्रमुख रूप से शामिल हुए। इस दौरान उमागोपाल ने भू-विस्थापित परिवारों के मौलिक अधिकारों, सम्मानजनक पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिन परिवारों की जमीन और आजीविका खनन परियोजनाओं के कारण प्रभावित हुई है, उन्हें अपने अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए।
प्रदेश संयोजक दिलीप मिरी ने भी भू-विस्थापित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए प्रशासन से उचित कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को उनके अधिकार दिलाने की मांग की।
श्रम सेवा भू-विस्थापित कामगार संगठन के संस्थापक अशोक पटेल ने मीडिया से चर्चा में बताया कि ग्राम चंद्रनगर (जटराज) के परिवारों को अलग-अलग पुनर्वास स्थलों पर बसाया गया है, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी वहां कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। ज्ञापन के माध्यम से पुनर्वास स्थलों पर सड़क, बिजली, पानी, नाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामुदायिक भवन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि विस्थापन के कारण गांव की एकता, संस्कृति और सामाजिक परंपराओं पर भी असर पड़ा है, जिस पर प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत है।
ज्ञापन में विभिन्न पुनर्वास स्थलों पर निवासरत परिवारों की समस्याओं का उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार सोनपुरी खदान के पास 15 परिवार, 14 नंबर डंपिंग में 140 परिवार, 6 नंबर डंपिंग में 92 परिवार, सर्वमंगला नगर में 55 परिवार, वैशाली नगर कुसमुंडा में 70 से 80 परिवार तथा वैशाली नगर खम्हरिया नदी किनारे 36 से 40 परिवारों के पुनर्वास से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा गया है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित स्थलों का मौके पर निरीक्षण कर समस्याओं का समयबद्ध निराकरण किया जाए।
यात्रा के दौरान राजेंद्र पटेल, करण पटेल, महेश्वर पटेल, नरेश पटेल, टिकेश्वर पटेल, कुशल बाई, अंजलि, गौरी बाई, मीणा बाई, पिलामती, त्रिलेश्वर, पवन, लक्ष्मण सहित संगठन के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
भू-विस्थापित परिवारों का कहना है कि जमीन और घर छोड़ने के बाद केवल दूसरी जगह बसाना ही पुनर्वास की जिम्मेदारी पूरी करना नहीं है। सम्मानजनक जीवन के लिए सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ उनके मौलिक अधिकारों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए। अब देखना होगा कि ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं पर प्रशासन कब तक ठोस कार्रवाई करता है।












