हाथियों को भगाने जंगल में शोर मचाने पहुंचे थे ग्रामीण, हाथी ने सूंड से पकड़कर ट्रैक्टर को किया क्षतिग्रस्त
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा वन मंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिल्गा परिसर के आमा डुगरु जंगल में हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर उस वक्त खतरा मंडरा गया, जब एक गुस्साए हाथी ने अचानक ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। हाथी ने सूंड से ट्रैक्टर के अगले हिस्से को पकड़कर जोरदार तरीके से झकझोर दिया, जिससे ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि ट्रैक्टर सवार ग्रामीणों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और सभी बाल-बाल बच गए।
बताया जा रहा है कि ग्रामीण ट्रैक्टर से शोर मचाते हुए हाथियों को भगाने जंगल में पहुंचे थे। इसी दौरान हाथी आक्रामक हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वन विभाग के अनुसार जिले में 18 हाथी विचरण कर रहे हैं, जबकि घटनास्थल के आसपास 11 हाथियों का दल मौजूद है, जिसमें एक नन्हा शावक भी शामिल है। घटना के बाद एक बार फिर हाथियों के करीब जाकर उन्हें भगाने की कोशिश करने के खतरों को लेकर चिंता बढ़ गई है।












