टीपी नगर के फूडियो रेस्टोरेंट को भी अनहाइजीनिक स्थिति में संचालन पर 7 दिन बंद रखने का नोटिस, साहू जनरल स्टोर से सरसों तेल का नमूना जांच के लिए भेजा गया
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल हेरिटेज इन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान होटल के किचन में भारी अव्यवस्था पाई गई। मौके पर एक्सपायरी खाद्य सामग्री के साथ बड़ी संख्या में कॉकरोच भी मौजूद मिले। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने पर विभाग ने बिरयानी राइस का नमूना जांच के लिए लिया है। वहीं, किचन की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्थाओं में सुधार होने तक आगामी आदेश तक किचन का लाइसेंस निलंबित किए जाने की अनुशंसा की गई है।
इसी तरह बालको भद्रापारा स्थित साहू जनरल स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। यहां से सरसों तेल का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, 18 नवंबर 2026 को टीपी नगर स्थित फूडियो रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का संचालन पाए जाने पर विभाग ने सात दिनों तक प्रतिष्ठान बंद रखने का नोटिस जारी किया है।
खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभाग की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निरीक्षण में सामने आई खामियों ने एक बार फिर खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारी और ग्राहकों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।












