कोरबा में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित, शहीद परिवारों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और कलाकारों का हुआ सम्मान; मांदर की थाप पर उप मुख्यमंत्री और उद्योग मंत्री भी थिरके
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और देश की आजादी में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को याद करने के उद्देश्य से कोरबा में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने की। समारोह में जनजातीय समाज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, शहीद परिवारों, प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। 
कार्यक्रम की शुरुआत जनजातीय नर्तक दलों द्वारा पारंपरिक नृत्य और ढोल-मांदर की थाप के साथ अतिथियों के स्वागत से हुई। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय समाज की कला, संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने वाले स्टॉल भी लगाए गए। समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने मांदर की थाप पर नर्तक दलों के साथ कदम मिलाकर नृत्य किया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। 
बिरसा मुंडा का संघर्ष जनजातीय समाज के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस ऐतिहासिक अवसर है। यह भगवान बिरसा मुंडा सहित उन सभी जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय समाज धरती आबा के रूप में पूजता है। उन्होंने कम उम्र में ही अंग्रेजों के अत्याचार, गुलामी और जनजातीय समाज को भ्रमित करने के प्रयासों के विरुद्ध संघर्ष शुरू किया। उनका साहस और समाज के प्रति समर्पण आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। 
उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह नायक जैसे जनजातीय वीरों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने समाज के सम्मान और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। इनकी वीरगाथाएं केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हर घर और नई पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए।
जनजातीय समाज की बेटी देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचना गौरव की बात
श्री साव ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है कि जनजातीय परिवार में जन्मी द्रौपदी मुर्मू आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा कर रही हैं। यह जनजातीय समाज की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जनजातीय नायकों के संघर्ष, वीरता और योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
प्रधानमंत्री जनमन और धरती आबा अभियान से जनजातीय क्षेत्रों में विकास को गति
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय समाज के विकास के लिए अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था। आज प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय परिवारों तक आवास, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित 18 लाख आवासों में करीब 40 प्रतिशत आवास जनजातीय परिवारों के लिए बनाए गए हैं। विशेष रूप से पिछड़े जनजातीय समूहों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत अलग प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा, रोजगार, खेल और उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर शासन की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलकर विकास की राह पर बढ़ रहा बस्तर
श्री साव ने कहा कि नक्सलवाद का सबसे अधिक दुष्प्रभाव जनजातीय समाज को झेलना पड़ा है। इसके कारण बस्तर के अनेक क्षेत्रों में स्कूलों का संचालन, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्य प्रभावित होते रहे। अब वहां बदलाव दिखाई दे रहा है। शासन की योजनाओं के माध्यम से लोगों तक राशन, आयुष्मान कार्ड, बिजली, पानी, सड़क, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने जनजातीय समाज से अपनी परंपराओं, संस्कृति, सभ्यता और पूजा-पद्धति को संरक्षित रखने तथा एकजुटता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति और धरती के प्रति जनजातीय समाज का सम्मान उसकी विशिष्ट पहचान है। समाज की एकजुटता और विकास में उसकी भागीदारी विकसित भारत के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण है।
बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किया संघर्ष : लखनलाल देवांगन
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने ज्ञान, साहस और संघर्ष के माध्यम से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया। जनजातीय समाज उन्हें भगवान के रूप में पूजता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय सराहनीय है। जनजातीय महापुरुषों के योगदान को याद करना और उनकी विरासत को आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने बताया कि कोरबा के पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड में एक चौक का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर किया गया है।
शहीद परिवारों, खिलाड़ियों और कलाकारों का सम्मान
समारोह में शहीद परिवारों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों के प्रतिनिधियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही जनजातीय समाज के प्रमुखों, प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों का सम्मान किया गया। पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने समारोह में जनजातीय संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जनजातीय कला एवं संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी और स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान दोनों अतिथियों ने मांदर की थाप पर नर्तक दलों के साथ नृत्य कर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जनपद अध्यक्ष अशोका बाई, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।












