HomeBreaking Newsधान खरीदी पर प्रशासन की त्रिस्तरीय निगरानी, जिले के सभी 73 केंद्रों...

धान खरीदी पर प्रशासन की त्रिस्तरीय निगरानी, जिले के सभी 73 केंद्रों में नोडल अधिकारी तैनात

15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, जिला स्तरीय जांच कमेटी और उड़नदस्ता टीम भी गठित; पारदर्शिता, गुणवत्ता और किसानों की सुविधाओं पर रहेगी विशेष नजर

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां पूरी करने प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया है। आगामी 15 नवंबर से सहकारी समितियों के माध्यम से शुरू होने वाली धान खरीदी के लिए जिले के सभी 73 उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही अनुभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने के साथ जिला स्तरीय जांच कमेटी और उड़नदस्ता दल का भी गठन किया गया है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशन में की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखना, अनियमितताओं पर अंकुश लगाना और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है।

- Advertisement -

जारी आदेश के अनुसार अनुभाग स्तर पर कोरबा के लिए एसडीएम श्री सरोज महिलांगे, कटघोरा के लिए श्री विपिन दुबे (आईएएस), पोड़ी-उपरोड़ा के लिए श्री मनोज कुमार बंजारे तथा पाली के लिए श्री रोहित कुमार सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी अपने-अपने अनुभागों में धान खरीदी से संबंधित कार्यों की निगरानी एवं पर्यवेक्षण करेंगे।

धान खरीदी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जिला स्तरीय जांच कमेटी एवं उड़नदस्ता टीम में अपर कलेक्टर श्री देवेन्द्र पटेल, खाद्य अधिकारी श्री घनश्याम सिंह कंवर, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्रीमती मिंज, जिला विपणन अधिकारी श्री ऋतुराज देवांगन, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम श्री बजरंग कसेर, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर, जिला क्षेत्र कोरबा श्री सुशील कुमार जोशी तथा कृषि उपज मंडी कटघोरा के मंडी सचिव श्री नारायण पटेल को शामिल किया गया है। यह टीम धान खरीदी से जुड़े कार्यों की जांच और निगरानी करेगी।

खरीदी केंद्रों की तैयारियों से लेकर भुगतान तक होगी निगरानी

जिले के सभी 73 उपार्जन केंद्रों में नियुक्त नोडल अधिकारियों को खरीदी शुरू होने से पहले केंद्रों की तैयारियों का निरीक्षण करने और खरीदी अवधि में नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों में बिजली, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, बायोमेट्रिक डिवाइस, सीसीटीवी कैमरे, बारदाने, हमाल, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

खरीदी शुरू होने के बाद केंद्रों में उपलब्ध धान और बारदानों का नियमित भौतिक सत्यापन किया जाएगा। किसानों को केंद्र की दैनिक खरीदी क्षमता के अनुसार अग्रिम टोकन जारी करने तथा टोकन व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी भी नोडल अधिकारियों को सौंपी गई है। धान की गुणवत्ता की जांच, नए और पुराने बारदानों का निर्धारित अनुपात में उपयोग, भुगतान के लिए आवश्यक राशि, बारदानों और परिवहन की उपलब्धता पर भी नजर रखी जाएगी।

समर्थन मूल्य पर खरीदी पंजीकृत किसानों से की जाएगी। प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। खरीदी में 50 प्रतिशत नए और 50 प्रतिशत पुराने बारदानों का उपयोग किया जाएगा। बायोमेट्रिक प्रक्रिया में किसान को परेशानी होने की स्थिति में नामांकित परिजन के माध्यम से खरीदी की व्यवस्था भी रखी गई है।

इन अधिकारियों को मिली उपार्जन केंद्रों की जिम्मेदारी

कटघोरा विकासखंड के अखरापाली केंद्र में श्रीमती हेमपुष्पा कुर्रे, मुढाली में श्री मुकेश लहरे, कटघोरा में श्री निशांक कलेश, छुरीकला में श्री अविनाश पटेल, सुमेधा में श्री गजेन्द्र कटकवार, जवाली में कु. मिनाक्षी ठाकुर, दुरपा में श्री डी.पी. लहरे, भिलाईबाजार में श्री रामलाल रविन्द्र और रंजना में श्रीमती अमृता श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

करतला विकासखंड के उमरेली केंद्र में श्री इन्द्रजीत भारद्वाज, कनकी में श्रीमती निशा टोप्पो, करतला में श्री अजरा परवीन, केरवाबारी में श्री महेन्द्र सिंह यादव, कोथारी में श्री अनिल कुमार शाण्डेय, चिकनीपाली में श्री कामता प्रसाद साहू, तुमान में श्री हेमंत पटेल, नवापारा में श्री गजेन्द्र सिंह कंवर, पठियापाली में श्री फिरत राम पात्रे, पुरेना में श्री राजकुमार ताड़िया, फरसवानी में श्री धरमलाल भारती, बरपाली में श्री संजय कुमार सोनवानी, बेहरचुवा में श्री बेदराम राठिया, मदवानी में श्री हेतराम कश्यप, रामपुर में श्री आर.के. टण्डन, लबेद में श्री संजू कुमार पटले, सुखरीकला में श्री हरी सिंह कंवर, कराईनारा में श्री रजनीश सिंह और सोहागपुर में श्री नरेन्द्र कुमार देवांगन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कोरबा विकासखंड के कुदमाल केंद्र में श्री आर.के. बघेल, कुदमुरा में श्री मेम सिंह कंवर, कोरकोमा में श्रीमती साक्षी वर्मा, चचिया में श्री झुगुल सिंह मरकाम, तिलकेजा में श्रीमती कृष्णा कंवर, बरपाली (कोरबा) में श्री मोहम्मद सज्जाद, भैंसमा में श्री चन्द्रशेखर चन्द्रा, चिर्रा में श्री मिथलेश कंवर, लेमरू में श्री अघनी कुमार कुर्रे, श्यांग में श्री भूपेंद्र मैत्री, दादरखुर्द में श्री संजय पटेल और सोनपुरी में श्रीमती सुजाता गुंगेल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

पाली विकासखंड के उतरदा केंद्र में श्री सुमित कुमार लहरे, चोढ़ा में श्री हेमंत दुबे, कोरबी (पाली) में श्री राजेश कुमार खुसरो, चौतमा में श्री टिकेश्वर सिंह तंवर, डोंडकी में श्री रघुनंदन कंवर, ढोलपुर में श्री राजेन्द्र कुमार साहू, निरधी में श्रीमती राजकुमारी सूर्यवंशी, नोनबिर्रा में श्री सुशील कुमार पाटले, परसदा में श्री स्वप्निल सिंह चंदेल, नुनेरा में श्री महेश कुमार कोर्राम, पाली में श्री सुरेश कुमार पैगंबर, चनवारीनवापारा (करनवापारा) में श्री सरयू सिंह पोर्ते, पोड़ी में श्री बी.एल. पैकरा, बकसाही में श्री नवीन कुमार जायसवाल, बोडा में श्री एल.एन. पैकरा, पोटापानी में श्री बोधराम पैकरा, लाफा में श्री एच.सी. सेंद्रे, सपलवा में श्री नवीन जायसवाल और हरदीबाजार में श्री मनमोहन सिंह पैकरा को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के कुल्हरिया केंद्र में श्री नमस्कार नवरंग, कोरबी (पोड़ी-उपरोड़ा) में श्री जितेन्द्र कुमार पुहुप, जटगा में श्री एस.आर. देवांगन, तुमान में श्री अशोक जायसवाल, तानाखार में श्री योगेन्द्र फुलेश्वर, नवापारा (सि.) में श्री रामबिलास राम दिवाकर, परला में श्री पी.के. नेटी, पसान में श्री राकेश कुमार यादव, लैंगा में कु. एस.एम. कुजूर, पिपरिया में श्री रविन्द्र सिंह, पोड़ी-उपरोड़ा में कु. सावित्री कंवर, बिंझरा में श्री सुधीर विद्यराज, मोरगा में श्री अंगद सोनी और सिरमिना में श्री मनीष डिक्सेना को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

आदेश के अनुसार बेहरचुवा केंद्र के नोडल अधिकारी श्री बेदराम राठिया का पदनाम कृषि विकास अधिकारी, मदवानी के श्री हेतराम कश्यप का पदनाम उद्यान निरीक्षक, चिर्रा के श्री मिथलेश कंवर का पदनाम उद्यान निरीक्षक तथा नवापारा (सि.) के श्री रामबिलास राम दिवाकर और परला के श्री पी.के. नेटी का पदनाम कृषि विकास अधिकारी है। इन विशेष पदनाम वाले अधिकारियों को छोड़कर सूची में शामिल अन्य नोडल अधिकारियों का पदनाम ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी है।

किसानों की परेशानी पर टोल फ्री नंबर पर करें शिकायत

प्रशासन ने किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खरीदी सामान्यतः सोमवार से शुक्रवार तक होगी। शनिवार अथवा रविवार को खरीदी किए जाने की स्थिति में संबंधित समिति को नियंत्रण कक्ष अथवा टोल-फ्री नंबर पर सूचना देना अनिवार्य होगा। धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा या समस्या होने पर राज्यस्तरीय टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर सूचना दी जा सकती है। प्रशासन की इस व्यापक निगरानी व्यवस्था के बीच अब 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी में पारदर्शिता और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं पर विशेष नजर रहेगी।

Must Read