HomeBreaking Newsभारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच खुल सकते हैं मिनीमाता बांगो बांध...

भारी बारिश के पूर्वानुमान के बीच खुल सकते हैं मिनीमाता बांगो बांध के गेट, हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका, नदी किनारे जाने और मछली पकड़ने से बचने की अपील

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को क्षेत्र में भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसे देखते हुए मिनीमाता बांगो बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकता के अनुसार बांध के गेट खोले जा सकते हैं। इससे हसदेव नदी के जलस्तर और जल प्रवाह में वृद्धि होने की आशंका है। संभावित स्थिति को देखते हुए बांध प्रबंधन ने नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

- Advertisement -

मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्रमांक-3, माचाडोली की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि नदी के किनारे और जल प्रवाह वाले क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक विशेष सावधानी बरतें। लोग नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें तथा नदी में उतरने, नहाने, मछली पकड़ने सहित अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचें।

परिवार और मवेशियों को नदी किनारे न जाने दें

नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों, पशुपालकों और मछुआरों से अपील की गई है कि वे अपने परिवार के सदस्यों और पशुओं को नदी के किनारे न जाने दें। बांध के गेट खोले जाने की स्थिति में नदी का जलस्तर और बहाव तेजी से बढ़ सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। बांध के गेटों के संचालन तथा नदी के जलस्तर से संबंधित जानकारी के लिए आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

Must Read