रक्षित केंद्र में समिति की मौजूदगी में हुई कार्रवाई, देशी-विदेशी शराब और महुआ मदिरा का किया गया नष्टीकरण
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 71 प्रकरणों में जब्त 398.80 लीटर मदिरा का विधिवत नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई 8 अक्टूबर को सुबह 11 बजे रक्षित केंद्र, कोरबा में गठित समिति की उपस्थिति में नियमानुसार संपन्न की गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कोरबा द्वारा 28 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया गया था। नष्टीकरण से पहले छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, कोरबा से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया। इसके बाद संबंधित अधिकारियों और समिति के सदस्यों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जब्त मदिरा को नष्ट किया गया।
कोतवाली क्षेत्र से सबसे अधिक शराब जब्त
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, थाना कोतवाली के 24 प्रकरणों में 111 लीटर, करतला के 4 प्रकरणों में 44.80 लीटर, चौकी मानिकपुर के 13 प्रकरणों में 72 लीटर, बांगो के 2 प्रकरणों में 0.25 लीटर और पसान के 7 प्रकरणों में 72.25 लीटर मदिरा जब्त की गई थी।
इसी तरह दर्री के 4 प्रकरणों में 19 लीटर, राजगामार के 10 प्रकरणों में 35.50 लीटर, दीपका के 3 प्रकरणों में 30 लीटर तथा चौकी कोरबी के 4 प्रकरणों में 14 लीटर मदिरा जब्त की गई थी।
महुआ शराब सहित देशी-विदेशी मदिरा नष्ट
नष्टीकरण की कार्रवाई में 284.75 लीटर महुआ शराब, देशी शराब के 218 पाव और विदेशी शराब के 343 पाव शामिल थे। पुलिस के अनुसार, जब्त मदिरा का नष्टीकरण गठित समिति की उपस्थिति में निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप किया गया।
इस कार्रवाई के माध्यम से विभिन्न आबकारी प्रकरणों में जब्त मदिरा का नियमानुसार निपटान किया गया।












