गरबा, डांडिया और दुर्गा पूजा समितियों की बैठक में प्रशासन के निर्देश, पंडालों में सीसीटीवी और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
छत्तीसगढ़/कोरबा :- नवरात्रि पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने गरबा, डांडिया आयोजकों तथा दुर्गा पूजा समितियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, महिला सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रखने की हिदायत दी गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं एडीएम देवेंद्र पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एसडीएम सरोज महिलांगे और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आयोजन समितियों को निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करते हुए पर्व मनाने के निर्देश दिए।
पंडालों में सीसीटीवी, महिला सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रशासन ने सभी गरबा, डांडिया स्थलों और दुर्गा पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा प्रवेश और निकास द्वारों सहित प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखने को कहा है। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, अग्निशमन सुरक्षा, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आयोजन समितियों को कार्यक्रमों के लिए आवश्यक अनुमति लेने और निर्धारित शर्तों का पालन करने के साथ वाहनों के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित न हो।
ध्वनि प्रदूषण के नियमों का करना होगा पालन
बैठक में साउंड सिस्टम और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित ध्वनि सीमा एवं समय-सीमा के भीतर करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ में लागू कोलाहल नियंत्रण संबंधी कानून, ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 तथा न्यायालयों और राष्ट्रीय हरित अधिकरण के लागू निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
विसर्जन में डीजे प्रतिबंधित, हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन निर्धारित मार्ग और समय-सीमा के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विसर्जन के दौरान हुड़दंग, विवाद, अभद्र व्यवहार अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सभी आयोजन समितियों से नवरात्रि पर्व की गरिमा बनाए रखने तथा आपसी सौहार्द और अनुशासन के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने और शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया।












