सुबह 10 बजे से होगा आयोजन, विभिन्न रोगों की जांच, उपचार एवं पंचकर्म परामर्श की मिलेगी सुविधा
छत्तीसगढ़/कोरबा :- सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में 23 सितंबर को मेगा आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से सियान सदन, घंटाघर कोरबा में होगा।
शिविर में नागरिकों का आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति से स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न रोगों की पहचान कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा।
आयुष स्वास्थ्य शिविर में पुराना बुखार, टाइफाइड, सर्दी, गठिया-वात, जोड़ों का दर्द, पेट संबंधी समस्याएं, त्वचा रोग, ब्लड प्रेशर, मधुमेह, थायराइड, मूत्र रोग, पाइल्स-बवासीर एवं स्त्री रोगों से संबंधित जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा पंचकर्म से संबंधित विशेषज्ञ परामर्श भी दिया जाएगा।
आयोजकों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त करने की अपील की है।












