HomeBreaking Newsदिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण और दिव्यांगता प्रमाण पत्र, 25 सितंबर तक...

दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण और दिव्यांगता प्रमाण पत्र, 25 सितंबर तक जनपदवार विशेष शिविर

छत्तीसगढ़/कोरबा :- दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराने के लिए जिले में जनपदवार विशेष मूल्यांकन एवं परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य परीक्षण, प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीयन तथा पात्रतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी।

- Advertisement -

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद पंचायत कटघोरा में 23 सितंबर, जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा में 24 सितंबर तथा जनपद पंचायत कोरबा में 25 सितंबर 2026 को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविर संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत द्वारा चयनित स्थान पर आयोजित किए जाएंगे।

शिविरों में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण के लिए उपस्थित कराने, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीयन कराने तथा उन्हें शिविर स्थल तक लाने-ले जाने की व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित जनपद पंचायतों को सौंपी गई है। साथ ही नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के दिव्यांगजनों की शिविर में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर स्थल पर चिकित्सकीय दल एवं विशेषज्ञों की ड्यूटी लगाई जाएगी। चलित चिकित्सा इकाई के माध्यम से आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। समाज कल्याण विभाग द्वारा आवश्यक प्रपत्रों एवं सहायक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा द्वारा पंजीयन एवं आवश्यक समन्वय किया जाएगा। वहीं जनसंपर्क विभाग द्वारा शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों को दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड एवं पेन कार्ड की छायाप्रति तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र की छायाप्रति साथ लाना आवश्यक होगा।

जिला प्रशासन ने दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को संबंधित शिविर में उपस्थित होकर स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड एवं पात्रतानुसार सहायक उपकरण सहित शासन की उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। यह शिविर दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Must Read