HomeBreaking Newsकोरबा के नुनेरा स्थित अलगू तालाब में बुझ गईं तीन मासूम जिंदगियां

कोरबा के नुनेरा स्थित अलगू तालाब में बुझ गईं तीन मासूम जिंदगियां

नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत, कपड़े और चप्पल देखकर परिजनों को हुई अनहोनी की आशंका; गांव में पसरा मातम

छत्तीसगढ़/कोरबा-पाली :- कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नुनेरा स्थित अलगू तालाब में गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। नहाने गए तीन मासूम बच्चे तालाब में डूब गए और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं।

- Advertisement -

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नुनेरा निवासी इंदु अगरिया पिता दुर्जन (7 वर्ष), राखी पिता मलखम (8 वर्ष) और साधना पिता सुखसिंह (8 वर्ष) गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे अलगू तालाब में नहाने गए थे। काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन और ग्रामीण बच्चों की तलाश करते हुए तालाब पहुंचे।

तालाब के किनारे तीनों बच्चों के कपड़े और चप्पल देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसी दौरान तालाब में इंदु का शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू की, जिसमें राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।

तीनों मासूमों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों को मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिन बच्चों के घर सुबह तक चहल-पहल थी, वहां अचानक मातम छा गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरा नुनेरा गांव शोक में डूब गया।

घटना की सूचना मिलने पर पाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा आदि की कार्रवाई पूरी की और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Must Read