आवारा श्वानों के प्रबंधन और देखभाल के लिए चिन्हांकित स्थल पर तेजी से चल रहा भवन निर्माण
छत्तीसगढ़/कोरबा :- शहर में आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या और उनसे जुड़ी समस्याओं के बीच नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा श्वान सेवा केन्द्र तैयार किया जा रहा है। इसके लिए वार्ड क्रमांक-19 में स्थल चिन्हांकित किया गया है, जहां भवन निर्माण का कार्य वर्तमान में जारी है। निर्माणाधीन स्थल के सामने निगम की ओर से श्वान सेवा केन्द्र का बोर्ड भी लगाया गया है। 
मौके पर भवन की दीवारों का निर्माण किया जा चुका है तथा लोहे के सरिए लगाए गए हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह केन्द्र श्वानों से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए उपयोग में लाया जा सकेगा। हालांकि केन्द्र में किन-किन सुविधाओं की व्यवस्था होगी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
शहर में आवारा श्वानों के कारण आम लोगों को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले श्वानों के उपचार और उनके टीकाकरण तथा नसबंदी को लेकर भी व्यवस्थित व्यवस्था की आवश्यकता महसूस होती रही है। ऐसे में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा श्वान सेवा केन्द्र के लिए स्थल चिन्हांकित कर निर्माण कराया जाना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
श्वान सेवा केन्द्र के माध्यम से आवारा श्वानों के प्रबंधन, उपचार, टीकाकरण, नसबंदी और घायल श्वानों की देखभाल जैसी व्यवस्थाओं को एक निर्धारित स्थान से संचालित किए जाने की उम्मीद है। इससे शहर में श्वानों से संबंधित व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने में निगम को सुविधा मिल सकती है।
वार्ड क्रमांक-19 में निर्माणाधीन केन्द्र के शुरू होने के बाद इसकी वास्तविक कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल स्थल पर निर्माण कार्य जारी है और निगम द्वारा लगाए गए बोर्ड से यह स्पष्ट है कि यहां श्वान सेवा केन्द्र विकसित किया जा रहा है।












