DMFT के सहयोग से जिला प्रशासन ने शुरू की योजना, कक्षा 11वीं और ड्रॉपर विद्यार्थियों को मिलेगा आवास, भोजन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का लाभ
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले के मेधावी विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन कोरबा ने जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) के अंतर्गत ‘DISHA’ (DMFT Korba Initiative for Students’ Higher Education Achievement) योजना की शुरुआत की है। योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को NEET एवं JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन की यह पहल विद्यार्थियों को आर्थिक बाधाओं से मुक्त होकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का अवसर देगी। योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को सुरक्षित आवास, पौष्टिक भोजन के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आवास से लेकर अध्ययन सामग्री तक की सुविधा
DISHA योजना के तहत कक्षा 11वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कर NEET अथवा JEE की तैयारी के लिए ड्रॉप लेने वाले विद्यार्थियों को आवासीय कोचिंग प्रदान की जाएगी। विद्यार्थियों को अनुभवी एवं योग्य फैकल्टी द्वारा मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री, नोट्स और नियमित टेस्ट सीरीज उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही Wi-Fi, डिजिटल लर्निंग सपोर्ट, मॉक टेस्ट, नियमित मूल्यांकन एवं व्यक्तिगत काउंसलिंग जैसी सुविधाएं भी विद्यार्थियों को मिलेंगी। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप बेहतर तैयारी का वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
75 प्रतिशत अंक वाले विद्यार्थी होंगे पात्र
योजना के लिए कक्षा 11वीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए 10वीं कक्षा में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं ड्रॉपर बैच के लिए कक्षा 12वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक अनिवार्य होंगे। ड्रॉपर बैच में वे विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे, जो इस वर्ष NEET या JEE की तैयारी के लिए ड्रॉप ले रहे हैं।
अभ्यर्थी का कोरबा जिले का पात्र निवासी होना अनिवार्य है। विद्यार्थियों का चयन पूर्ववर्ती कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होने वाली मेरिट सूची के माध्यम से किया जाएगा।
10 सितंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
DISHA योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी NEET अथवा JEE कोचिंग के लिए उपलब्ध QR कोड को स्कैन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत कक्षाएं अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होने की संभावित है।
आवेदन एवं योजना से संबंधित जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने विद्यालय के प्राचार्य, संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) अथवा जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), कोरबा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन का मानना है कि DISHA योजना के माध्यम से जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को डॉक्टर एवं इंजीनियर बनने के अपने सपने को साकार करने के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। आर्थिक कारणों से गुणवत्तापूर्ण कोचिंग से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों के लिए यह पहल विशेष रूप से उपयोगी साबित हो सकती है।












