HomeBreaking Newsसुनसान जगहों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को बनाते थे निशाना, कोरबा-रायगढ़ से चोरी...

सुनसान जगहों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को बनाते थे निशाना, कोरबा-रायगढ़ से चोरी की 5 बाइक बरामद

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 05 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी गौरव नायक (20), निवासी मुड़ापार, कोरबा को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी कौवा उर्फ फैजान पहले से ही एक अन्य मारपीट के मामले में जिला जेल कोरबा में निरुद्ध है।

- Advertisement -

पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर द्वारा की गई कार्रवाई में पूछताछ और आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ। आरोपी ने अपने साथी कौवा उर्फ फैजान के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।

हैंडल लॉक तोड़कर और मास्टर चाबी से करते थे चोरी

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऐसे स्थानों की तलाश करते थे, जहां लोग सुनसान जगहों पर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी करते थे। मौका मिलते ही मोटरसाइकिल का हैंडल लॉक तोड़कर उसे चोरी कर लिया जाता था। वहीं कौवा उर्फ फैजान मास्टर चाबी की मदद से मोटरसाइकिल को ऑन करता था, जिसके बाद दोनों चोरी के वाहन को लेकर फरार हो जाते थे।

कोरबा और रायगढ़ में चोरी की 5 वारदातों का खुलासा

पुलिस ने आरोपियों से बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में जांच की, जिसमें कुल पांच चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ।

  • 01 मोटरसाइकिल — मानिकपुर क्षेत्र से चोरी
  • 02 मोटरसाइकिल — थाना कोतवाली क्षेत्र से चोरी
  • 01 मोटरसाइकिल — थाना उरगा क्षेत्र से चोरी
  • 01 मोटरसाइकिल — थाना कोतवाली, रायगढ़ क्षेत्र से चोरी

इस तरह पुलिस ने कोरबा एवं रायगढ़ जिले से चोरी की गई कुल 05 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

साथी पहले से जिला जेल में निरुद्ध

मामले में शामिल कौवा उर्फ फैजान वर्तमान में एक अन्य मारपीट के प्रकरण में जिला जेल कोरबा में निरुद्ध है। पुलिस द्वारा चोरी के इस प्रकरण में उसके विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी न्यायालय में पेश

पुलिस ने आरोपी गौरव नायक को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस द्वारा उससे चोरी की अन्य घटनाओं, संभावित अन्य साथियों तथा चोरी की संपत्ति के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में विवेचना जारी है।

Must Read