चार आरोपी गिरफ्तार, एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया; वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
छत्तीसगढ़/कोरबा :- “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बाँकीमोंगरा पुलिस ने डकैती के तीन मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा है। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार थाना बाँकीमोंगरा क्षेत्र के बलगी सबस्टेशन और सूराकछार खदान तथा दीपका खदान क्षेत्र में डकैती की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में थाना बाँकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 148/2026 एवं 131/2026 तथा थाना दीपका में अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजपाल चौहान (22), निवासी जामनीमूड़ा, थाना पाली; फिरोज मेमन (27), निवासी भिलाईबाजार, थाना हरदीबाजार; निकेश कुमार कश्यप (21), निवासी शुक्लाखार, थाना बाँकीमोंगरा; और होरीलाल केवट (24), निवासी शांतिनगर, थाना कुसमुंडा को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
मोटरसाइकिल जब्त, अन्य आरोपी फरार
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती की वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक प्रकरण में कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किए जाने का दावा किया गया है।
मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
बाँकीमोंगरा पुलिस ने बताया कि मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई गई और पूछताछ एवं जांच के आधार पर डकैती के मामलों का खुलासा किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

















