राष्ट्रभक्ति के उत्साह से गूंजा शहर, एकता-अखंडता और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश
छत्तीसगढ़/कोरबा :- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोरबा में गुरुवार को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में आयोजित यह यात्रा सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड से शुरू होकर बुधवारी, महाराणा प्रताप चौक होते हुए शहर के हृदय स्थल घंटाघर पहुंचकर समाप्त हुई।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में शान से लहराता राष्ट्रीय ध्वज और ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ तथा ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा’ जैसे नारों से पूरा नगरीय क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा में विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, डॉ. राजीव सिंह, श्री गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी, युवा, नागरिक और स्कूली बच्चे शामिल हुए।
तिरंगा राष्ट्रीय गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक
मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि तिरंगा भारत के गौरव, त्याग, बलिदान, एकता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता और अखंडता की रक्षा के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान को स्मरण करते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक को तिरंगे की आन, बान और शान का सम्मान करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
युवाओं में दिखा खास उत्साह
मंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करना नहीं, बल्कि विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के मन में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और देशसेवा की भावना को मजबूत करना है। युवाओं और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को लेकर जागरूक है।
उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता और राष्ट्रीय एकता की भावना से ही ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
नशामुक्त समाज का लिया संकल्प
तिरंगा यात्रा के दौरान मंत्री श्री देवांगन सहित उपस्थित जनसमूह ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इसके साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित हस्ताक्षर अभियान में भी लोगों ने सहभागिता करते हुए हस्ताक्षर किए।
तिरंगा यात्रा ने कोरबा में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और देश के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश दिया। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता ने राष्ट्रीय गौरव और एकजुटता की भावना को और मजबूत किया।










