छत्तीसगढ़/कोरबा :- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला मुख्यालय कोरबा में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में विधायक श्री अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। मुख्य समारोह फुटबॉल ग्राउंड, सीएसईबी कोरबा (पूर्व) में आयोजित किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य अतिथि का समारोह स्थल पर सुबह 8:59 बजे आगमन होगा। सुबह 9 बजे ध्वजारोहण, 9:01 बजे सलामी एवं राष्ट्रगान होगा। इसके बाद सुबह 9:03 से 9:12 बजे तक मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे तथा हर्ष फायर होगा। सुबह 9:12 से 9:25 बजे तक परेड का मार्च पास्ट और 9:25 से 9:27 बजे तक परेड की समीक्षा एवं सलामी दी जाएगी।
सुबह 9:27 से 9:47 बजे तक मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। इसके बाद 9:47 से 9:50 बजे तक रंगीन गुब्बारे उड़ाए जाएंगे। सुबह 9:50 से 10:05 बजे तक परेड का प्रस्थान एवं परेड कमांडरों का परिचय होगा। 10:05 से 10:10 बजे तक मुख्य अतिथि के साथ परेड कमांडरों का छायाचित्र लिया जाएगा।
समारोह में सुबह 10:10 से 10:15 बजे तक शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद 10:15 से 10:45 बजे तक देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। सुबह 10:45 से 11 बजे तक सम्मान एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सुबह 11 से 11:10 बजे तक आभार प्रदर्शन के साथ होगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियां, परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देशभक्ति के वातावरण को और भव्य बनाएंगी।











