HomeBreaking Newsएमआरआई-सीटी स्कैन की सुविधा जल्द, स्वास्थ्य मंत्री ने दिए निर्देश

एमआरआई-सीटी स्कैन की सुविधा जल्द, स्वास्थ्य मंत्री ने दिए निर्देश

मेडिकल कॉलेज में आधुनिक जांच सुविधाओं के विस्तार पर जोर, बायोमेट्रिक उपस्थिति होगी अनिवार्य

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मेडिकल कॉलेज की स्वशासी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, मरीजों को बेहतर उपचार तथा चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।   

- Advertisement -

स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन की खरीदी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को आधुनिक जांच की सुविधा जल्द उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

अस्पताल में बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य

मंत्री ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर अस्पताल में अपनी सेवाएं दें, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने अस्पतालों में होने वाली प्रत्येक डिलीवरी का ऑनलाइन रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश भी दिए। ऑनलाइन एवं समयबद्ध डेटा एंट्री से स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर मॉनिटरिंग और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता पर भी फोकस

बैठक में मेडिकल कॉलेज की अकादमिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, स्किल लैब तथा विद्यार्थियों की क्लीनिकल ट्रेनिंग से जुड़ी आवश्यकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

एनएमसी मापदंडों के अनुरूप स्किल लैब की स्थापना और शैक्षणिक संसाधनों को मजबूत करने से संबंधित प्रस्ताव भी बैठक में प्रस्तुत किए गए। मंत्री ने चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मरीजों और परिजनों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं

बैठक में अस्पताल में पार्किंग, मरीजों के परिजनों के लिए प्रतीक्षालय, सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का सीधा लाभ मरीजों और आम नागरिकों को मिल सके।

बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कटारिया, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंध निदेशक संजीव झा, कलेक्टर कुणाल दुदावत, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. के.के. सहारे, डॉ. यू.एस. पैकरा, डॉ. गोपाल कंवर, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. आर.सी. पांडेय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Must Read