HomeBreaking Newsदुरंतो एक्सप्रेस में 1.24 किलो विदेशी सोना बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

दुरंतो एक्सप्रेस में 1.24 किलो विदेशी सोना बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

1.96 करोड़ रुपये का सोना जब्त, आरपीएफ क्राइम ब्रांच और डीआरआई की संयुक्त कार्रवाई

छत्तीसगढ़/बिलासपुर :-  दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की क्राइम ब्रांच रायपुर एवं नागपुर की टीम ने राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई), नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में विदेशी सोने की तस्करी का मामला पकड़ा है। टीम ने ट्रेन के बी-12 कोच से दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये बताई गई है।

- Advertisement -

जानकारी के अनुसार आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर ने रायपुर टीम को इसकी जानकारी दी और डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई।

इसके बाद संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में सघन जांच और निगरानी अभियान चलाया। भंडारा और नागपुर के बीच बी-12 कोच में दो संदिग्ध यात्रियों की पहचान कर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। इनका कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये आंकी गई।

डीआरआई को सौंपे गए दोनों आरोपी

आरपीएफ की कार्रवाई के बाद दोनों व्यक्तियों को बरामद सोने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए डीआरआई, नागपुर को सौंप दिया गया। दोनों के विरुद्ध कस्टम्स एक्ट, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत जांच डीआरआई नागपुर, महाराष्ट्र द्वारा की जा रही है।

आरपीएफ की सतर्कता से पकड़ी गई बड़ी खेप

इस कार्रवाई में आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर की टीम के बीच त्वरित सूचना-साझाकरण और प्रभावी समन्वय की अहम भूमिका रही। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ट्रेनों और रेल परिसरों के माध्यम से अवैध एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं। करोड़ों रुपये के विदेशी सोने की बरामदगी को इसी सतर्कता अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Must Read