छत्तीसगढ़/कोरबा :- बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत 11 अगस्त मंगलवार को आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘बच्चे रहें स्वस्थ’ योजना के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित होगा।
पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा द्वारा बच्चों का स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स दिए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उनकी आयु के अनुरूप उपयोगी आहार-विहार, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी तथा योग-प्राणायाम का निःशुल्क प्रशिक्षण बच्चों और अभिभावकों को दिया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि बच्चों को असुविधा और अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाने के लिए स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार हेतु मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर निर्धारित समय प्राप्त किया जा सकता है।
11 अगस्त को होगा स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार, बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का प्रयास












