छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अपराधियों और लंबे समय से फरार वारंटियों के खिलाफ कोरबा पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत 6 और 7 जुलाई 2026 को चलाए गए दो दिवसीय अभियान में पुलिस ने 11 स्थायी वारंटी और 56 गिरफ्तारी वारंट तामील करते हुए कुल 67 वारंटियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने लगातार पतासाजी, मुखबिरों से प्राप्त सूचना और योजनाबद्ध दबिश के माध्यम से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को गिरफ्तार किया।
अभियान के दौरान 6 जुलाई को 6 स्थायी वारंटी और 32 गिरफ्तारी वारंट, जबकि 7 जुलाई को 5 स्थायी वारंटी और 24 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। इस तरह दो दिनों में कुल 67 वारंटियों के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी न्यायालय से वारंट जारी होने के बावजूद लंबे समय से फरार थे। उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी और सटीक सूचना मिलने पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
कोरबा पुलिस का कहना है कि इस तरह के विशेष अभियान का उद्देश्य न्यायालय से जारी वारंटों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना, अपराधियों में कानून का भय कायम करना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों, फरार आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।











