छत्तीसगढ़/कोरबा :- सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात अनुशासन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिलेभर में चलाए गए विशेष जांच अभियान में 20 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। 
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों एवं यातायात इकाइयों द्वारा प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की गई, जिसमें 08 चार पहिया एवं 12 दो पहिया वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालयीन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
कोरबा पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2026 से अब तक जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 1143 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस के मुताबिक सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शराब पीकर वाहन चलाना भी शामिल है। नशे की स्थिति में चालक की निर्णय लेने की क्षमता, सतर्कता और प्रतिक्रिया समय प्रभावित हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ऐसी लापरवाही चालक के साथ-साथ अन्य निर्दोष लोगों के जीवन को भी खतरे में डाल देती है।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन का संचालन न करें। यदि किसी कार्यक्रम में शराब का सेवन किया हो तो स्वयं वाहन चलाने के बजाय चालक, टैक्सी या अन्य सुरक्षित परिवहन का उपयोग करें। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।











