अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान जारी, लगातार कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहा माफियाओं का नेटवर्क
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 ट्रैक्टर, 3 टीपर, 1 जेसीबी और 1 हाईवा जब्त किया है। विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध परिवहन में लगे वाहनों को पकड़ा गया। जब्त वाहनों को संबंधित थानों एवं खनिज जांच नाकों की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज उड़नदस्ता दल ने भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी, सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पाली, ढुकुपथरा, बाल्को, कसनिया, कटघोरा, उरगा और पताढ़ी सहित कई स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर, 2 टीपर और 1 जेसीबी, लाल ईंट का अवैध परिवहन करते हुए 1 टीपर तथा निम्न श्रेणी चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए 1 हाईवा जब्त किया गया। 
विभाग के अनुसार सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाना तथा प्राकृतिक संसाधनों और शासकीय राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
हालांकि इस कार्रवाई के बीच एक महत्वपूर्ण सवाल भी खड़ा हो रहा है। जून माह में भी खनिज विभाग ने लगातार दो से तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए कई वाहन जब्त किए थे, लेकिन इसके बावजूद अवैध खनन और परिवहन का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा। बार-बार वाहनों की जब्ती यह संकेत देती है कि माफिया अब भी सक्रिय हैं और कार्रवाई के बावजूद अवैध कारोबार जारी है।
अब देखना होगा कि लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध खनन पर स्थायी अंकुश लग पाता है या फिर माफिया नए तरीकों से अपने नेटवर्क को संचालित करते रहते हैं। प्रशासन की कार्रवाई जारी है, लेकिन अवैध कारोबार का लगातार सामने आना व्यवस्था के सामने एक गंभीर चुनौती भी माना जा रहा है।











