छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेन रोड हाईवे पर अव्यवस्थित रूप से खड़े 7 ट्रेलर वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे पर वाहन खड़ा कर मार्ग अवरुद्ध करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। 
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना पाली पुलिस को सूचना मिली थी कि सरायपाली बुडबुड खदान क्षेत्र में कोयला लोडिंग के लिए आने वाले ट्रेलर वाहन एनएच-130 और मेन रोड हाईवे पर बेतरतीब ढंग से खड़े होकर आवागमन बाधित कर रहे हैं। इससे दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए 10 मई 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाईवे पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित और घातक तरीके से खड़े 7 ट्रेलर वाहनों के चालकों के खिलाफ धारा 285 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने ट्रेलर चालकों और वाहन मालिकों को सख्त हिदायत दी कि वे सार्वजनिक मार्गों और हाईवे पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें तथा केवल निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करें। वहीं सरायपाली बुडबुड खदान प्रबंधन और संबंधित मैनेजर को भी उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।













