HomeBreaking Newsमौत बनकर पलटा कोयला ट्रेलर: इलाज कर लौट रही दादी की दर्दनाक...

मौत बनकर पलटा कोयला ट्रेलर: इलाज कर लौट रही दादी की दर्दनाक मौत, दो मासूम पोते घायल

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले के पसान थाना क्षेत्र के लैंगा–जटगा मुख्य मार्ग पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कोयले से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर बाइक सवारों पर पलट गया। हादसे में बाइक पर सवार 62 वर्षीय बालकुंवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके दो पोते मामूली रूप से घायल हो गए।

- Advertisement -

जानकारी के मुताबिक धनरास गांव निवासी बालकुंवर अपने दो पोतों के साथ बाइक से इलाज कराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान लैंगा–जटगा घाटी क्षेत्र में पीछे से आ रहे कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर में भरा कोयला सड़क पर फैल गया और बाइक सवार तीनों लोग उसके नीचे दब गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि एक पोता पूरी तरह कोयले में दब गया, जबकि दूसरा सड़क किनारे जा गिरा। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दबे युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बुजुर्ग महिला की सांसें थम चुकी थीं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

हादसे के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में कोयला फैल जाने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। बाद में दूसरे वाहनों और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क से कोयला हटाकर मार्ग को फिर से चालू कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए और गांव में मातम पसर गया।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि लैंगा–जटगा घाटी मार्ग पर कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहन बेलगाम रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने, भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और नियमित निगरानी की मांग की है।

Must Read