छत्तीसगढ़/बिलासपुर :- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने टिकट चेकिंग अभियान में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया है। मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा चलाए गए विशेष सघन जांच अभियान में एक ही दिन में 14 लाख 53 हजार 645 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया, जो अब तक की सर्वाधिक दैनिक वसूली मानी जा रही है। 
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने, बेटिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने तथा लोगों को टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के आदेश तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में 07 मई 2026 को मंडल भर में विशेष अभियान संचालित किया गया।
इस व्यापक कार्रवाई के दौरान कुल 2147 मामलों में जांच कर रिकॉर्ड जुर्माना वसूला गया। आंकड़ों के अनुसार बिना टिकट यात्रा करने वाले 1162 यात्रियों से 9 लाख 72 हजार 535 रुपये की वसूली की गई। वहीं अनियमित टिकट के 683 मामलों से 3 लाख 67 हजार 245 रुपये, बिना बुक कराए लगेज के 40 मामलों से 4 हजार 280 रुपये, टिकट श्रेणी परिवर्तन के 246 मामलों से 1 लाख 7 हजार 935 रुपये तथा रेलवे परिसर और ट्रेनों में गंदगी फैलाने के 16 मामलों से 1 हजार 650 रुपये बतौर जुर्माना वसूले गए।
विशेष बात यह रही कि बिलासपुर मंडल ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले 03 मई 2026 को 2112 मामलों में 14 लाख 28 हजार 542 रुपये की वसूली हुई थी, जिसे अब 07 मई के अभियान ने पार कर लिया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अभियान केवल राजस्व वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासन की भावना विकसित करना भी है। लगातार चल रही जांच कार्रवाई के कारण बेटिकट यात्रियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले उचित टिकट अवश्य खरीदें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट लेना न भूलें। साथ ही रेलगाड़ियों और रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग देने की भी अपील की गई है। बिलासपुर मंडल की रिकॉर्ड कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि रेलवे अब नियमों के उल्लंघन को लेकर पूरी तरह सख्त रुख अपना चुका है। लगातार बढ़ती चेकिंग और भारी जुर्माने की कार्रवाई से यह संदेश भी गया है कि बेटिकट यात्रा करने वालों पर रेलवे की कड़ी नजर बनी हुई है।













