HomeBreaking Newsसमाधान समारोह 2026 : विशेष लोक अदालत के लिए प्री-सिटिंग शुरू, आपसी...

समाधान समारोह 2026 : विशेष लोक अदालत के लिए प्री-सिटिंग शुरू, आपसी सहमति से होंगे विवादों के समाधान

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार आमजन को सरल, सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने तथा आपसी सहमति एवं सहभागिता से विवादों के समाधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “समाधान समारोह 2026” विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। “सुलह का संकल्प – न्याय का विकल्प” थीम पर आधारित यह आयोजन 21 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत के आयोजन के साथ संपन्न होगा।
इस विशेष लोक अदालत के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय एवं अन्य न्यायालयों में लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण एवं शीघ्र समाधान किया जाएगा। इसमें दीवानी एवं पारिवारिक विवाद, बैंक ऋण एवं वसूली प्रकरण, बीमा एवं मोटर दुर्घटना दावा, चेक बाउंस मामले, सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों से संबंधित विवाद, उपभोक्ता प्रकरण, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण एवं भाड़ा विवाद सहित अन्य मामले शामिल किए गए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा जानकारी दी गई है कि लोक अदालत की प्री-सिटिंग प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। यह बैठकें 06 मई 2026 से 20 मई 2026 तक जिला न्यायालय कोरबा के वी.सी. कक्ष में आयोजित की जा रही हैं। पक्षकारों को सूचना देकर सुलह बैठक में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया जा रहा है। ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पक्षकार अपनी सहभागिता दर्ज करा सकते हैं।
पक्षकार अथवा अधिवक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सहायता हेतु प्राधिकरण का हेल्पलाइन नंबर 07759-299134 जारी किया गया है।
दिनांक 06 मई से 08 मई 2026 तक आयोजित प्री-सिटिंग में माननीय न्यायाधीशगण श्रीमती गरिमा शर्मा (प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश), डॉ. ममता भोजवानी (द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश), श्री सुनील कुमार नंदे (तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश) तथा सीमा प्रताप चंद्रा (जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, एफटीसी) द्वारा पक्षकारों के बीच सुलह एवं आपसी समझौते के माध्यम से विवादों के निराकरण हेतु बैठकें आयोजित की गईं।

Must Read