HomeBreaking Newsपदोन्नति की खुशियां मातम में बदलीं: सड़क हादसे में SECL के वरिष्ठ...

पदोन्नति की खुशियां मातम में बदलीं: सड़क हादसे में SECL के वरिष्ठ अधिकारी डी.टी. त्यागी का निधन

गेवरा से सिंगरौली जॉइनिंग के लिए निकले थे, चोटिया मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के वरिष्ठ अधिकारी एवं गेवरा परियोजना के पूर्व महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी (डी.टी. त्यागी) की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि चोटिया मार्ग पर हुआ, जब वे पदोन्नति के बाद नई जिम्मेदारी संभालने सिंगरौली (मध्यप्रदेश) जा रहे थे।

- Advertisement -

जानकारी के अनुसार हाल ही में अरुण कुमार त्यागी को निदेशक तकनीकी (Director Technical) पद पर पदोन्नति मिली थी। नई जिम्मेदारी ग्रहण करने के लिए वे गुरुवार रात लगभग 12 बजे गेवरा से कार द्वारा सिंगरौली के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान चोटिया मार्ग पर उनकी कार की सामने से आ रहे एक पार्सल वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अथक प्रयास किया, लेकिन शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

SECL परिवार में शोक की लहर

डी.टी. त्यागी के निधन की खबर फैलते ही SECL परिवार, अधिकारियों, कर्मचारियों और पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिस पदोन्नति को लेकर अधिकारियों और परिजनों में खुशी का माहौल था, वही कुछ ही घंटों में मातम में बदल गया।

त्यागी अपने शांत स्वभाव, कार्यकुशलता और प्रशासनिक क्षमता के लिए जाने जाते थे। गेवरा परियोजना में उनके कार्यकाल को कई लोग अनुशासन, बेहतर प्रबंधन और विकास कार्यों के लिए याद कर रहे हैं। कर्मचारियों के बीच उनकी छवि एक सहज और सहयोगी अधिकारी की थी।

परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

अचानक हुए इस हादसे ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिवार के साथ-साथ उनके करीबी सहयोगी और मित्र भी स्तब्ध हैं। SECL के कई अधिकारियों ने इसे संस्था के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

कोयलांचल में शोक, सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि

हादसे की सूचना मिलते ही SECL अधिकारियों, कर्मचारी संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें कर्मठ, विनम्र और दूरदर्शी अधिकारी बताया।डी.टी. त्यागी का असमय निधन न केवल SECL बल्कि पूरे कोयला उद्योग जगत के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।

Must Read