HomeBreaking Newsदीपका में कोयला चोरी का बड़ा खुलासा: ओवरलोडिंग की आड़ में चल...

दीपका में कोयला चोरी का बड़ा खुलासा: ओवरलोडिंग की आड़ में चल रहा था संगठित खेल, 215 टन कोयला सहित 3 ट्रेलर और एक पेलोडर जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले के दीपका क्षेत्र में कोयला चोरी के संगठित नेटवर्क का बड़ा पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। ओवरलोडिंग की आड़ में चल रहे इस अवैध खेल में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 215 टन कोयला सहित 3 ट्रेलर और एक पेलोडर जब्त किया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय कोयला माफियाओं में हड़कंप मच गया है।   

- Advertisement -
ओवरलोडिंग के बहाने हो रही थी चोरी, पुलिस ने पकड़ा पूरा गिरोह

थाना दीपका पुलिस को 30 अप्रैल की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खदान से चोरी का कोयला तीन ट्रेलरों में ओवरलोड कर बिलासपुर की ओर भेजा जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने सिरकी मोड़ के पास घेराबंदी कर तीनों ट्रेलरों को पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि ट्रेलरों में अवैध रूप से कोयला लोड किया गया था, जिसे चोरी कर परिवहन किया जा रहा था।

कोयला चोरी के नेटवर्क में कई किरदार शामिल

जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि इस पूरे नेटवर्क में कोयला लोडिंग कराने वाले, ट्रांसपोर्टर, खरीदार और वाहन चालक सभी की भूमिका थी। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में स्थानीय सहित झारखंड, बिहार और मध्यप्रदेश के लोग शामिल हैं, जो इस संगठित गिरोह का हिस्सा थे।

भारी मात्रा में कोयला और वाहन जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 215 टन कोयला जब्त किया है। इसके साथ ही चोरी में प्रयुक्त तीन ट्रेलर (CG 10 BX 0792, CG 10 BX 8288, CG 10 BY 8288) और एक पेलोडर (CG 07 CS 2199) को भी जब्त किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी, औरों पर भी गिरेगी गाज

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में जो भी व्यक्ति किसी भी स्तर पर संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है।

उच्च अधिकारियों के निर्देश पर सख्त कार्रवाई

बताया जा रहा है कि जिले में असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सख्त निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत यह बड़ी सफलता मिली है। इस कार्रवाई को कोरबा पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Must Read