छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में बिना चिकित्सकीय पर्चे (प्रिस्क्रिप्शन) के प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस विभाग ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। राज्य नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नवा रायपुर तथा जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर औषधि निरीक्षक और पुलिस की टीम लगातार मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण कर रही है।
30 जुलाई को पुराना बस स्टैंड स्थित जायसवाल मेडिकल स्टोर्स, वर्षा मेडिको, बोहरा मेडिकल स्टोर्स, धनवंतरी जेनरिक मेडिकल तथा दीपक मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मनःप्रभावी (Psychotropic) दवाओं और एंटीबायोटिक दवाओं के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया। साथ ही एक्सपायरी दवाओं और पशुओं के उपयोग की दवाओं को अलग बॉक्स में लेबल लगाकर रखने तथा केवल वैध थोक विक्रेताओं से बिल सहित दवा खरीदने के निर्देश दिए गए।
टीम ने उच्च श्रेणी की एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री के लिए अलग रजिस्टर संधारित करने तथा उसमें मरीज और चिकित्सक का विवरण दर्ज करने के भी निर्देश दिए। जिन मेडिकल स्टोर्स में मौके पर अनियमितताएं मिली हैं, उन्हें औषधि नियमावली के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने बताया कि पूर्व में किए गए निरीक्षण के आधार पर आद्या मेडिकल (पोड़ीबहार), गायत्री मेडिकल एजेंसी (बाल्को), रेडक्रॉस मेडिकल स्टोर्स (पुराना बस स्टैंड) और लाइफ केयर मेडिकल स्टोर्स (गेवरा बस्ती) को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है।
वहीं, पहले जारी नोटिसों के जवाब और जांच में मिली अनियमितताओं के आधार पर श्रेया मेडिकल स्टोर्स (कनकी), सागर मेडिकल स्टोर्स (कोहड़िया) तथा श्री राम मेडिकल स्टोर्स (फतेहगंज) के औषधि लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान ये फर्म दवाओं का क्रय-विक्रय नहीं कर सकेंगी।
औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि नशे के रूप में दुरुपयोग होने वाली दवाओं की बिना प्रिस्क्रिप्शन बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। जिले के सभी विकासखंडों में ऐसे मामलों पर नियंत्रण के लिए औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से आगे भी जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान कोरबा सिटी, करतला और कटघोरा के मेडिकल स्टोर्स से एंटीबायोटिक दवाओं के छह नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं। इन्हें परीक्षण हेतु राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में सहायक औषधि नियंत्रक महेंद्र कुमार देवांगन, औषधि निरीक्षक सुनील सांडे तथा सिटी कोतवाली पुलिस की टीम शामिल रही।
कोरबा में मेडिकल स्टोर्स पर औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कई दुकानों की जांच, तीन के लाइसेंस निलंबित












