HomeBreaking Newsजनदर्शन में समस्याओं के समाधान पर फोकस, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए...

जनदर्शन में समस्याओं के समाधान पर फोकस, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं दूरस्थ अंचलों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें प्रस्तुत कीं। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने प्रत्येक आवेदक से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों को सभी प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

- Advertisement -

जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों में सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, खाद्य, वनाधिकार, नगरीय प्रशासन, ऊर्जा एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे। वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित आवेदनों पर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए। भूमि संबंधी मामलों में एसडीएम को निर्देश दिए गए कि नक्शा एवं आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे नागरिकों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।

भू-अर्जन प्रकरणों में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही नियमानुसार कार्यवाही की जाती है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है। खाद्यान्न भंडारण से जुड़े आवेदन को खाद्य अधिकारी को भेजते हुए विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वनाधिकार पट्टा से जुड़े मामलों में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को सूक्ष्म परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।

सीमांकन एवं नामांतरण के मामलों में निर्धारित शुल्क जमा होने के बाद एक माह के भीतर प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। पंडित दीनदयाल भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्राप्त आवेदनों में ई-केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर लाभ दिलाने को कहा गया। शासकीय भूमि की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पात्र नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया।

कुदमुरा क्षेत्र में हाथी के हमले में मृत सुरेश राजपूत के परिजनों द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित विभाग को नियमानुसार मुआवजा एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजली बिल सुधार एवं विद्युत लाइन शिफ्टिंग से संबंधित मामलों में भी त्वरित कार्यवाही कर आमजन को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए गए।

जनदर्शन कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Must Read