छत्तीसगढ़/कोरबा :- गुरुवार को एसईसीएल बिलासपुर के सीएमडी डॉ. प्रेम सागर मिश्रा क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचे थे और दूसरी ओर कुसमुण्डा खदान में बोलेरो कैम्पर वाहन लेकर डीजल चोर घुसे थे। कुसमुण्डा खदान में बढ़ती चोरी को रोकने के लिए त्रिपुरा रायफल्स के जवानों की तैनाती की गई है। कुसमुण्डा खदान के साइलो के पास आज दोपहर इन जवानों और डीजल चोरों की मुठभेड़ हो गई। डीजल चोरों ने त्रिपुरा के जवानों पर पथराव किया। पथराव करते हुए डीजल चोर अपना वाहन छोड़कर भाग निकले, इधर जवानों ने अपना गुस्सा डीजल चोरों के वाहन पर उतारा और जमकर तोड़फोड़ करते हुए चक्का निकाल दिया। इन डीजल चोरों का मास्टर माइंड राजा खान बताया जा रहा है। गेवरा कुसमुंडा खदानों में राजा खान व पुरुषोत्तम यादव का गैंग सक्रिय है जो इन्हीं के संरक्षण में डीजल चोरों के द्वारा अलग-अलग खदानो में चल रहे भारी वाहनों से लगभग हर दिन लाखों रुपए के डीजल की चोरी करवा रहे हैं। वैसे तो पुलिस डीजल चोरों पर कार्यवाही करती है लेकिन इनके सरगना तक पुलिस के हाथ अब तक नहीं पहुंच सके हैं।













