छत्तीसगढ़/कोरबा:- कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में कुल 109 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध जांच और निराकरण के निर्देश दिए गए।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, स्कूलों में मानदेय शिक्षकों की भर्ती, भूमि सीमांकन, राशन कार्ड, बैटरी ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने, हैंडपंप स्थापना, अधिक बिजली बिल की शिकायत, वनाधिकार पट्टा, अतिक्रमण पर कार्रवाई तथा ग्राम बारी उमराव की जर्जर प्रधानमंत्री सड़क के मरम्मत कार्य सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा पीडीएस दुकानदारों और राइस मिलर्स द्वारा चावल की कथित कालाबाजारी की शिकायतें भी जनदर्शन में सामने आईं, जिनकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











