HomeBreaking Newsजब कलेक्टर बने शिक्षक… भौतिकी का पढ़ाया पाठ, विद्यार्थियों को दिए सफलता...

जब कलेक्टर बने शिक्षक… भौतिकी का पढ़ाया पाठ, विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र और स्कूल की कमियां भी मौके पर सुनीं

लमना स्कूल में कक्षा 11वीं के छात्रों को पढ़ाया फिजिक्स, लैब, पुस्तकालय, खेल सामग्री व शौचालय जैसी जरूरतों पर दिए त्वरित निर्देश • मेधावी छात्रों को मुफ्त NEET-JEE कोचिंग और ISRO भ्रमण योजना की दी जानकारी

छत्तीसगढ़/कोरबा :- प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच बुधवार को कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने एक अलग ही भूमिका निभाई। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमना के निरीक्षण के दौरान वे स्वयं शिक्षक बन गए और कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान का पाठ पढ़ाया। उन्होंने भौतिक मात्रक, सदिश एवं अदिश राशियां, चाल, समय, दूरी और विस्थापन जैसे विषयों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया, जिससे विद्यार्थियों में विषय के प्रति उत्साह दिखाई दिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी, पसंदीदा विषय, विद्यालय की सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय के सदुपयोग का महत्व बताते हुए कहा कि “सपनों को लक्ष्य बनाकर मेहनत करें, सफलता निश्चित मिलेगी।”
विद्यार्थियों ने प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेल सामग्री, खेल मैदान, बालक-बालिका के लिए पृथक शौचालय, कक्षाओं में सीपेज और प्रकाश व्यवस्था जैसी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखीं। इस पर कलेक्टर ने बताया कि विद्यालय का नया भवन निर्माणाधीन है, जिसके पूरा होने पर बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। साथ ही वर्तमान भवन की सीपेज मरम्मत, प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने तथा खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को दिए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना तथा NEET-JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपलब्ध निःशुल्क कोचिंग सुविधा की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिन विद्यालयों का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहेगा, वहां के विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से ISRO जैसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों के साथ बैठक कर शिक्षकों की उपलब्धता, परीक्षा परिणाम और शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज बंजारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Must Read