HomeBreaking News“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” : घर छोड़ने से पहले सुरक्षा पुख्ता करें,...

“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” : घर छोड़ने से पहले सुरक्षा पुख्ता करें, पुलिस की खास अपील

छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने एक बार फिर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से शादी, घूमने या यात्रा पर जाने से पहले घर की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर पुलिस ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

- Advertisement -

पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना एवं चौकी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नागरिकों को चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घर से बाहर जाने से पहले सभी दरवाजों और खिड़कियों को अच्छी तरह लॉक करना बेहद जरूरी है। साथ ही नगदी, आभूषण एवं अन्य कीमती सामान को सुरक्षित स्थान या बैंक लॉकर में रखने की सलाह दी गई है। घर की निगरानी के लिए किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपने और पड़ोसियों को यात्रा की जानकारी देने की भी अपील की गई है।

सुरक्षा के आधुनिक उपायों पर जोर देते हुए पुलिस ने घरों में CCTV कैमरे लगाने की सलाह दी है। साथ ही अनजान व्यक्तियों से घर से जुड़ी जानकारी साझा नहीं करने और बाहर निकलने से पहले बिजली, गैस एवं पानी की जांच करने को कहा गया है।

यात्रा के दौरान भी सावधानी बरतने पर जोर देते हुए पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर अपनी लोकेशन या यात्रा की जानकारी तुरंत साझा न करें। बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित रखें।

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और आपात स्थिति में डायल 112 का उपयोग करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान और सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Must Read