छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले के वरिष्ठ पत्रकार स्व. रमेश पासवान एवं स्व. विजय सिंह की स्मृति में कोरबा प्रेस क्लब द्वारा एक सराहनीय सामाजिक पहल की जा रही है। उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) को स्वैच्छिक रक्तदान एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर टी.पी. नगर स्थित तिलक भवन (कोरबा प्रेस क्लब) में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होगा। आयोजन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और इसे सफल बनाने के लिए स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल अधीक्षक द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। 
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में सर्जरी विभाग से डॉ. नितिन टोप्पो (सहायक प्राध्यापक) एवं डॉ. ईशान (जूनियर रेजिडेंट) तथा मेडिसिन विभाग से डॉ. प्रितेश मसीह (सहायक प्राध्यापक) एवं डॉ. लिजो टी जॉन (जूनियर रेजिडेंट) अपनी सेवाएं देंगे। वहीं रक्तदान शिविर में डॉ. राजेश कुमार (प्रदर्शक) के नेतृत्व में संतोष सिंह, उमा कर्ष, रोहित कश्यप और सूरज सिदार की टीम तैनात रहेगी। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि स्व. रमेश पासवान और स्व. विजय सिंह ने अपने जीवनकाल में निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता के जरिए समाज को दिशा देने का कार्य किया। उनकी स्मृति में यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि है, बल्कि सेवा और मानवता के उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का प्रयास भी है। प्रेस क्लब ने सभी सदस्यों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रक्तदान करें और स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाएं, ताकि जरूरतमंदों की सहायता के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सके।










