छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की घटना का महज 18 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि इस गिरोह में तीन महिलाएं शामिल थीं, जो ग्राहक बनकर दुकानों को निशाना बनाती थीं।
मामला सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र का है, जहां एमपीटी नगर निवासी अखिल कुमार देवांगन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल को दोपहर करीब 12:15 बजे उसकी “दिव्या ज्वेलर्स” दुकान में तीन महिलाएं ग्राहक बनकर आईं और मौका पाकर सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गईं।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर शहर के विभिन्न स्थानों से सुराग जुटाए गए। जिला ऑटो संघ के सहयोग से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करते हुए उन्हें उड़ीसा के संबलपुर से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में नासिर मोल्ला, सजना बीबी, मिथुन चक्रवर्ती, तापसी दास और गुलापी दास शामिल हैं, जो सभी पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई दो सोने की चेन और एक सोने का लॉकेट सहित करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त XUV300 कार को भी जप्त किया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश करतीं, आभूषण देखने के दौरान दुकानदार का ध्यान भटकातीं और उनके साथी मौके का फायदा उठाकर जेवर पार कर देते थे। घटना के तुरंत बाद सभी आरोपी वाहन से दूसरे शहर या राज्य की ओर निकल जाते थे, जिससे उनकी पहचान और गिरफ्तारी कठिन हो सके।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह पश्चिम बंगाल के राणाघाट, मालदा और सिलीगुड़ी क्षेत्रों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है और छत्तीसगढ़ के अन्य बड़े शहर भी इनके निशाने पर थे। फिलहाल पुलिस अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है।
प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
कोरबा पुलिस ने शहर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और जिला ऑटो संघ का सहयोग के लिए आभार जताया है। साथ ही व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।कोरबा पुलिस की अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।










