छत्तीसगढ़/कोरबा :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के सेवाकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को कोरबा में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में घंटाघर मैदान से सुभाष चौक तक निकली यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। 
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के सीधे प्रसारण से हुई। इसके बाद मशाल यात्रा निकाली गई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के तहत विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने युवाओं से विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिला प्रभारी कृष्णकांत चन्द्रा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं को समझना चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












